November 19, 2026 9:05 pm

सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना ग्राम सेंदरीपाली में सम्पन्न शिक्षा ही हर समस्या का समाधान है, शिक्षित समाज से ही होगा विकसित राष्ट्र का निर्माण: सभापति माया रूपेश कंवर

सेंदरीपाली। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत माखनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह उत्साह एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक पाली तानाखार तुलेश्वर मरकाम जी रहे विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति श्रीमती माया रूपेश कंवर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन से विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

जिला पंचायत सभापति माया रूपेश कंवर ने कहा कि शिक्षा ही हर समस्या का समाधान है। शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण, समाज में जागरूकता और देश के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित व्यक्ति न केवल अपने परिवार का भविष्य संवारता है, बल्कि पूरे समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन एवं अच्छे संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने आगे कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र के भविष्य हैं। युवाओं को शिक्षा के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे शिविर विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ते हैं तथा उनमें सेवा, सहयोग, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवक विद्यार्थियों को अपने जीवन में सेवा और सकारात्मक सोच को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पाली–तानाखार विधायक श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे हमारे भविष्य हैं। युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए तथा अपने माता–पिता के करीब रहकर अच्छे संस्कारों को अपनाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं ग्राम पंचायत सरपंच अशोक कुमार कोराम ने गांव को शिक्षित एवं जागरूक बनाने पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद, मां सरस्वती, मां भारती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का पुष्पमाला से स्वागत किया गया तथा पारंपरिक आदिवासी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा।

शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम अधिकारी जी.आर. देवांगन ने सात दिनों के दौरान आयोजित गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता की जानकारी दी। प्राचार्य एस.के. पटेल ने शिविर की सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए स्वयंसेवकों को सेवा, अनुशासन, सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता का महत्व बताया।इस अवसर पर सात दिवसीय शिविर में विशेष योगदान देने वाली व्याख्याता मंजू रानी विश्वास एवं हेल्थ केयर ट्रेनर सावित्री साहू को विधायक तुलेश्वर मरकाम द्वारा शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शिविर में विशेष भूमिका निभाने वाले स्वयंसेवक विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

 

कार्यक्रम में जनपद सदस्य संगीता सूरज कोराम, सरपंच अशोक कुमार कोराम, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम, चंद्रभान टेकाम, रीता टेकाम, शशिलता मरावी, सीएसी मनमोहन मरावी, प्राचार्य एस.के. पटेल, कार्यक्रम अधिकारी जी.आर. देवांगन, सतीश साहू, वीरेंद्र जगत, सावित्री साहू, मंजू रानी विश्वास, मनोज राजपूत, सविता सहित अन्य अतिथिगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में व्याख्याता सतीश साहू ने आभार व्यक्त किया तथा सफल संचालन प्रधान पाठक सुनील जायसवाल ने किया।

samvad36news
Author: samvad36news

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Leave a Comment

विज्ञापन बॉक्स

और पढ़े

और पढ़े