पाली : 
ग्राम पंचायत तिवरता में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिवरता में रंगोली प्रतियोगिता एवं सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरे पर खुशी नजर आई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माया रूपेश कंवर, सभापति स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग, जिला पंचायत कोरबा थीं, जबकि अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य निर्मल मरकाम ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माया रूपेश कंवर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखते हुए विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने वाली महत्वाकांक्षी योजना है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। प्रयास आवासीय विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर दिया जा रहा है। वहीं जिला DMF मद से जिले के होनहार बालक-बालिकाओं को NEET, JEE सहित विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि चयनित होने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की पढ़ाई में आर्थिक बाधा न आए, इसके लिए उनकी शिक्षा में लगने वाली फीस का वहन भी जिला खनिज न्यास मद से किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत एवं लगन से अध्ययन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की गई।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तिवरता के उपसरपंच हीरा सिंह कंवर, श्रीवास जी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिवरता के प्राचार्य प्रकाश वैष्णव, शिक्षक रूपेंद्र तिवारी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











