सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सिरकी में आंगन मिलन कार्यक्रम सम्पन्न, गर्भवती माताओं की हुई गोदभराई……

सभापति माया रूपेश कंवर रहीं मुख्य अतिथि, मेहंदी, खेलकूद एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में बच्चों व महिलाओं ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

कोरबा/हरदीबाजार। महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना हरदीबाजार के सेक्टर तिवरता अंतर्गत ग्राम सिरकी के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सभापति, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग, जिला पंचायत कोरबा श्रीमती माया रूपेश कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान प्रथम बार मां बनने वाली गर्भवती माताओं की पारंपरिक गोदभराई संस्कार कराया गया। वहीं शिशुवती बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि माया रूपेश कंवर ने गर्भवती माताओं एवं महिलाओं से संवाद करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से ही मजबूत परिवार और सशक्त समाज का निर्माण होता है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास को लेकर शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिरकी की सरपंच छतबाई, भारतीय जनता पार्टी जिला संयोजक हिरा लाल अहीर, पंचगण, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सेक्टर सुपरवाइजर सविता बांधे सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में निर्मला कोराम (सिरकी बनखेता पारा), बरत कुंवर (सिरकी), प्रमिला कोराम (सिरकी धनुहार पारा), सीमा सिन्द्राम (सिरकी गांधीनगर) एवं सुशीला मरकाम (सिरकी महतो पारा) की सहभागिता रही

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

samvad36news
Author: samvad36news

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Leave a Comment

विज्ञापन बॉक्स

और पढ़े

और पढ़े