सभापति माया रूपेश कंवर ने गर्भवती माताओं एवं शिशुवती माताओं से किया संवाद, “हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा” का दिया संदेश

पाली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना हरदीबाजार के सेक्टर तीवरता अंतर्गत ग्राम पंचायत रंगोले में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग, जिला पंचायत कोरबा सभापति माया रूपेश कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई
कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाली अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री शोभा जगत, जनपद सदस्य मनोज कंवर एवं भाजपा मंडल कार्यकर्ता देवनाथ यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत रंगोली के सरपंच शिवकुमार मरावी, पंच फिरन सिंह, श्रीमती सीमा कंवर, श्रीमती किरण मरावी एवं श्रीमती उत्तम मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं एवं शिशुवती माताओं से संवाद कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सभापति माया रूपेश कंवर ने माताओं को पौष्टिक आहार लेने तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
“हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति माया रूपेश कंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने “हर घर मुनगा, घर–घर मुनगा” का संदेश देकर पोषण और स्वास्थ्य के लिए मुनगा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है। मुनगा हमारे घर-आंगन में आसानी से उपलब्ध होने वाला पौष्टिक पौधा है, जिसकी पत्तियां और फलियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर में कम से कम एक मुनगा का पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करते हुए उसे अपने भोजन का हिस्सा बनाए। “हर घर मुनगा” का अभियान केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और बेहतर पोषण की दिशा में जनभागीदारी का संकल्प है।
माया रूपेश कंवर ने कहा कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मिलकर प्रयास करें तो गांवों को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां से स्वस्थ बच्चा और स्वस्थ बच्चे से स्वस्थ परिवार का निर्माण होता है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री जी के “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और मुनगा पौधरोपण को जनअभियान बनाएं। सामूहिक प्रयासों से ही कुपोषण मुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया जा सकता है।कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास परियोजना हरदीबाजार की सुपरवाइजर सविता बांधे तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चंपा उइके, लक्ष्मी चौहान, तिहारो टेकाम, सावित्री मरावी, मंथन कंवर, भगवती कंवर, पूनम श्याम एवं मंगली कंवर, मितानिन उर्मिला कंवर, शर्मिला यादव एवं शांति आर्मो, मीना देशवार सहित ग्राम की गर्भवती माताएं, शिशुवती माताएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











