कोरबा/पाली। जनजातीय संस्कृति, परंपरा एवं लोक कलाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमरकछार में आयोजित जनजाति लोक नृत्य महोत्सव (करमा महोत्सव) एवं शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव 2026 में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह एवं जिला पंचायत सभापति श्रीमती माया रूपेश कंवर शामिल हुए।
इस अवसर पर जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत एवं कला की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की गौरवशाली जनजातीय परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
सभापति श्रीमती माया रूपेश कंवर ने अपने उद्बोधन में जनजातीय संस्कृति, सामाजिक एकता एवं परंपराओं के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि करमा केवल एक लोकनृत्य या उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारी जनजातीय पहचान, आस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक भाईचारे का प्रतीक है। हमारी पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाज, लोकगीत एवं लोकनृत्य हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज के लोगों को एक सूत्र में पिरोने के साथ-साथ युवाओं को अपनी जड़ों, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जननायकों का संघर्ष एवं बलिदान हमें समाज और अपनी संस्कृति के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आयोजन समिति एवं क्षेत्रवासियों को इस सुंदर सांस्कृतिक आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि जनजातीय संस्कृति एवं लोककलाएं हमारी पहचान और गौरव हैं। ऐसे आयोजनों से हमारी पारंपरिक विरासत को संरक्षण मिलता है तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आयोजन समिति के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।











